-दमकल विभाग और अन्य एजेंसियों के पहुंचने से पहले पुलिसकर्मियों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। कश्मीरी गेट इलाके में मंगलवार को जर्जर इमारत का हिस्सा गिरने के बाद दूसरी मंजिल पर फंसे एक परिवार के तीन लोगों को पुलिसकर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। फायर सर्विस, एमसीडी या किसी अन्य एजेंसी के मौके पर पहुंचने से पहले ही कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर तीन जिंदगियां बचा लीं।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट ने बताया कि पुलिस को कूचा मोहतार खान स्थित एक इमारत का एक हिस्सा गिरने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही कश्मीरी गेट के थाना प्रभारी प्रशांत कुमार अपनी टीम के पहुंचे। उन्होंने देखा कि पुरानी और जर्जर इमारत का हिस्सा ढह चुका था। भूतल से पहली मंजिल तक जाने वाली सीढ़ियां पूरी तरह टूट गई थीं, जिससे अंदर जाना बेहद जोखिम भरा हो गया था। इसी दौरान पता चला कि दूसरी मंजिल पर एक परिवार के तीन सदस्य फंसे हुए हैं।
पुलिसकर्मी बगल की इमारत में पहुंचे और वहां से क्षतिग्रस्त इमारत की छत तक पहुंचने का रास्ता बनाया। पुलिसकर्मी किसी तरह छत तक पहुंचने में सफल रहे। फिर लकड़ी की सीढ़ियों और तख्तों की मदद से दूसरी मंजिल पर फंसे तीनों लोगों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। निकाले गए लोगों की पहचान 78 साल की लक्ष्मी देवी, उनकी 50 साल की बेटी सविता और 43 साल के हेमंत कुमार के रूप में हुई है। एजेंसियां वहां मलबा हटाने के काम में जुटी है।