नई दिल्ली। उत्तर रेलवे ने चाणक्यपुरी रेलवे स्टेशन परिसर में नई नर्सरी विकसित करने की योजना बनाई है। इस परियोजना पर करीब 64.99 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए रेलवे ने निविदा जारी की है।
रेलवे के अनुसार, संबंधित कार्य पूरा करने की अवधि 18 माह निर्धारित की गई है। नई नर्सरी बनाने का उद्देश्य रेलवे परिसरों की हरियाली बढ़ाने, विभिन्न स्टेशनों और कार्यालयों के लिए गुणवत्तापूर्ण पौधे उपलब्ध कराना है। परियोजना के तहत सजावटी, छायादार, मौसमी, औषधीय और फलदार पौधों की बड़ी संख्या में उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इसमें नीम, जामुन, आंवला, अर्जुन, अशोक, आम, महुआ, अमलतास, कचनार सहित कई प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा गुलाब, गेंदा, पेटूनिया, गुलदाउदी, ट्यूलिप, डहलिया आदि पौधे भी तैयार किए जाएंगे। ब्यूरो