नई दिल्ली। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के स्क्वैश एवं बैडमिंटन स्टेडियम में प्रशिक्षण लेने वाली 18 वर्षीय अनाहत सिंह ने विश्व जूनियर बालिका स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। कनाडा में 25 जुलाई को फाइनल में शानदार जीत के साथ वह यह प्रतिष्ठित खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गईं।
अनाहत पिछले कई वर्षों से डीडीए स्टेडियम में नियमित अभ्यास कर रही हैं। आधुनिक सुविधाओं, अनुभवी कोचों के मार्गदर्शन और कठिन मेहनत ने उन्हें विश्व चैंपियन बनने तक पहुंचाया। डीडीए ने अनाहत को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। अधिकारियों ने कहा कि इस सफलता से स्क्वैश के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ेगा और अधिक खिलाड़ी इस खेल में अपना भविष्य बनाने के लिए प्रेरित होंगे। उनकी जीत भारतीय स्क्वैश के लिए नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है। संवाद