दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में महज नौ दिन का शिशु कोरोना संक्रमित मिलने के बाद अब स्वस्थ होकर अपने घर जा चुका है। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे विशेष निगरानी में रखा है। डॉक्टरों का कहना है कि अभी तक इससे छोटा कोरोना संक्रमित मरीज भारत में नहीं देखा गया है। संभावना जताई कि यह देश का पहला सबसे कम आयु का कोविड मरीज है, जो इतनी जल्दी स्वस्थ हो गया।
आरएमएल अस्पताल के प्रसूति रोग विभाग के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि दिल्ली के पटेल नगर निवासी कोरोना संक्रमित एक गर्भवती महिला की 13 मई को डिलीवरी की गई थी। प्रोटोकॉल के तहत 18 मई को शिशु की कोरोना जांच की गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
बाल रोग विभाग के डॉ. राहुल चौधरी ने बताया कि शिशु संक्रमित जरूर था, लेकिन उसमें वायरस के लक्षण नहीं थे। इसलिए डॉक्टरों को भी उसकी रिकवरी में ज्यादा समय नहीं लगा। फिलहाल जच्चा-बच्चा अपने घर में है।
अस्पताल से प्रतिदिन वीडियो कॉल के जरिए शिशु के बारे में जानकारी ली जा रही है। डॉ. चौधरी का कहना है कि मां और बच्चा दोनों में ही संक्रमण के लक्षण दिखाई नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अमेरिका, चीन और यूके में कई अध्ययन आ चुके हैं कि शिशु के फेफड़ों तक न पहुंचते हुए वायरस उनकी नाक और गले तक ही रहता है। हालांकि, भारत में अभी तक ऐसा कोई अध्ययन सामने नहीं आया है। गौरतलब है कि दिल्ली में इससे पहले भी कोरोना संक्रमित पांच गर्भवती महिलाएं स्वस्थ शिशुओं को जन्म दे चुकी हैं।