क्या कोई इस तरीके से बांधकर किसी नाबालिग की पिटाई करता है। यहां मानवीयता की सारी हदें पार हो गईं। जब पिटाई करने की वजह सामने आई तो हर कोई हैरान रह गया।
घटना उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले की है। जीडीए के एक गार्ड समेत तीन कर्मचारियों ने अमानवीयता की हदें पार कर एक किशोर को खंभे से बांधकर जमकर पीटा। किशोर पर चाय बनाने का एक भगोना चोरी करने का आरोप था।
खंभे से बांधकर किशोर की पिटाई की यह घटना कैमरे में कैद हो गई। वीडियो वायरल हुआ तो जीडीए वीसी ने पिटाई करने वाले गार्ड को निलंबित कर दिया। दो अन्य कर्मचारियों के संलिप्त होने की जांच कराई जा रही है।
खंभे से बांधकर पीटा गया किशोर जीडीए में ही कांट्रेक्ट पर तैनात एक महिला सफाई कर्मचारी का बेटा है। वीडियो बीते शुक्रवार का बताया जा रहा है। किशोर की पिटाई कर रहा जीडीए का स्थायी कर्मचारी राकेश बाबू है।
वह गार्ड के पद पर तैनात है। जीडीए अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार को राकेश बाबू, होमगार्ड संजीव और एक अन्य कर्मचारी कलानाथ झा रात की ड्यूटी पर थे। आरोप है कि किशोर ने जीडीए कार्यालय परिसर से एक भगोना चोरी कर लिया।