महेंद्र पार्क इलाके में गाली देने मना करने पर नाबालिग पड़ोसी ने 19 साल के युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पेट, पीठ और पैर में चाकू लगने से पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की पहचान परमवीर के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद उसके दोस्त ने उसे पास के अस्पताल में लेकर गया। जहां से परमवीर को लोक नायक अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने उसके दोस्त के बयान पर हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी नाबालिग को पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक 19 साल का परमवीर अपने परिवार के साथ सराय पीपलथला इलाके में रहता है। वह मंडी में काम करता है। महेंद्र पार्क थाने में दर्ज प्राथमिकी में उसके दोस्त और पड़ोसी निशांत ने बताया कि 12 फरवरी की रात वह अपने घर के सामने परमवीर से बात कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला नाबालिग वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर परमवीर को गाली देने लगा। परमवीर के गाली देने से मना करने पर उसने गली में दादागिरी करने का आरोप लगाते हुए चाकू से हमला कर दिया। पेट, पीठ और पैर पर चाकू लगने से परमवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। बचाव करने पर आरोपी वहां से भाग गया।
निशांत ने बताया कि वह घायल परमवीर को लेकर तुरंत बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंचे। इसी बीच सूचना पर पुलिस भी अस्पताल आ गई। परमवीर बयान देने की हालत में नहीं था। अस्पताल में परमवीर को लाने वाला निशांत पुलिस को मिला। उत्तर पश्चिम जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि वारदात के अगले दिन आरोपी को पकड़ लिया है। वह दसवीं कक्षा में पढता है। किसी बात को लेकर उसका परमवीर ने कहासुनी हो गई थी और उसने गुस्से में वारदात को अंजाम दिया।