- एमबीबीएस की 150 और पीजी की 40 सीटें होंगी, 1322 बेड वाले स्वास्थ्य सेवा परिसर से जोड़ा जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार पश्चिमी दिल्ली के रघुबीर नगर स्थित गुरु गोबिंद सिंह गवर्नमेंट हॉस्पिटल में मेडिकल कॉलेज स्थापित करेगी। इस मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 150 और पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) की 40 सीटें होंगी। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में कुल 1322 बिस्तरों की व्यवस्था की जाएगी। इस परियोजना से पश्चिमी दिल्ली की करीब 10 लाख आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का मजबूत नेटवर्क तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। मेडिकल कॉलेज की स्थापना और अस्पताल का विस्तार इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) के दिशा-निर्देशों के अनुसार, मौजूदा अस्पताल परिसर में करीब 13 एकड़ क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल विकसित किया जाएगा। इसमें 472 बिस्तरों वाला मातृ एवं शिशु अस्पताल तथा 850 बिस्तरों वाला जनरल अस्पताल शामिल होगा। इससे क्षेत्र के लोगों को विशेष चिकित्सा सेवाओं, आपातकालीन उपचार और क्रिटिकल केयर की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी नए अवसर पैदा होंगे।