- पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर स्थित मालखाने में केस प्रॉपर्टी के रूप में खड़े वाहन जले
-दिल्ली-नोएडा की सीमा में मौजूद है न्यू अशोक नगर थाना, आग लगने पर पहले यूपी दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची, बाद में दिल्ली से 10 गाड़ियां भेजी गई
-डेढ़ घंटे बाद पाया गया आग पर काबू, 58 कार, 40 बाइक, 3 टेंपो, 1 टैंकर, 4 ऑटो, ई-रिक्शा, पैडल रिक्शा व एक थाने के स्टाफ की निजी कार जली
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाने के मालखाने में मंगलवार दोपहर में आग लग गई। थाने के नजदीक पेट्रोल पंप मौजूद है। आग की लपटे उठीं तो आसपास अफरा-तफरी मच गई। पुलिस स्टाफ ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ती चली गई। आग से करीब 125 से अधिक केस प्रॉपर्टी के वाहन जल गए।
थाने के नजदीक दल्लूपुरा दमकल केंद्र मौजूद है, लेकिन वहां से गाड़ियां पहले ही किसी अन्य कॉल पर निकली थीं। इस बीच नोएडा से यूपी दमकल विभाग की तीन गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। बाद में दिल्ली से भी 10 गाड़ियां पहुंच गईं। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया।
दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे आग लग गई। दोपहर करीब 2.20 बजे पर काबू पा लिया गया। आग से 58 कारें, 40 बाइक, 4 ऑटो, 3 टेंपो, 5 ई-रिक्शा, एक तेल टैंकर और 20 पैडल रिक्शा जल गए। न्यू अशोक नगर थाना पुलिस आग लगने के संबंध में मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
आप विधायक ने दमकल टीम के देरी से पहुंचने का आरोप लगाया
कोंडली से आम विधायक कुलदीप कुमार ने दमकल कर्मियों पर एक घंटे में घटना स्थल पर पहुंचने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि दमकल केंद्र चंद कदमों की दूरी पर मौजूद था, बावजूद इसके दिल्ली से दमकल की गाड़ियां काफी देर में पहुंची। उन्होंने घटना स्थल के कुछ वीडियो बनाकर एक्स पर पोस्ट करने के अलावा लिखा भी।
पुलिस व दमकल कर्मियों के प्रयास से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है, आग कैसे लगी, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
राजीव कुमार, पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त