- छतरपुर मेट्रो स्टेशन के नजदीक स्थित है नेचर बाजार दिल्ली हॉट, दुकानों में रखा सामान जलकर राख
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। छतरपुर मेट्रो स्टेशन के नजदीक दिल्ली सरकार, पर्यटन विभाग के नेचर बाजार, दिल्ली हॉट में रविवार सुबह लग गई। इसमें 42 दुकानें जल गईं। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी।
पहले दमकल की चार गाड़ियों को भेजा गया। बाद में हालात देखकर दमकल की 10 गाड़ियों को भेजा गया। इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने डेढ़ घंटे बाद किसी तरह आग पर काबू पा लिया। शुरुआती जांच में आशंका व्यक्त की जा रही है कि शाॅर्ट सर्किट की वजह से आग लगी।
महरौली थाना पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। आग की वजहों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। रात को नाइट ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा गार्ड से पूछताछ की जा रही है। आग से दुकानों में रखे कालीन, घरों का सामान कपड़े व अन्य सामान जल गया।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि रविवार सुबह करीब 7.33 बजे अंबेडकर काॅलोनी, छतरपुर मेट्रो स्टेशन के नजदीक दिल्ली हॉट में आग लगने की सूचना मिली। हादसे के समय बाजार बंद था। बाजार में ज्यादातर दुकानें तिरपाल व ज्वलनशील मेटेरियल से बनी हुई थीं।
इसके अलावा दुकान में रखा सामान भी ज्वलनशील था, देखते ही देखते आग बढ़ती चली गई। आग ने करीब 600 गज के एरिया में 42 दुकानों को अपने कब्जे में ले लिया। बाद में किसी तरह दमकल की 10 गाड़ियों ने करीब 9.10 बजे आग पर काबू पाया। नेचर बाजार में रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।