बवाना इलाके में शुक्रवार शाम कार सवार दो बदमाशों ने सरेआम एक शख्स पर गोलियां बरसाकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। घटना के बाद पीड़ित को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान अनिल वर्मा (42) के रूप में हुई है। वह बवाना की ईश्वर कालोनी में रहता था और घर के नजदीकी ही वैल्डिंग का काम करता था। शुक्रवार शाम करीब साढ़े 6 बजे वह अपने दुकान पर था तभी एक आई-10 कार में दो युवक वहां पहुंचे। इसके बाद उन्होंने कार से उतरकर अनिल पर अंधाधुंध गोलियां बरसायीं और मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके से कारतूस के तीन खोखे बरामद हुए। प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस को पता चला है कि स्थानीय झगड़े के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया है, फिलहाल पुलिस को आरोपियों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज के जरिये बदमाशों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।