दिल्ली के द्वारका सेक्टर-23 थाना क्षेत्र के भरथल गांव में पांच साल की बच्ची से पड़ोस में रहने वाले 24 वर्षीय युवक ने दुष्कर्म किया। युवक गत मंगलवार को बच्ची को फ्रूटी पिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया और दुष्कर्म किया। बच्ची को लहूलुहान देखकर एक महिला ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बच्ची को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। बच्ची की हालत स्थिर है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद सेे युवक को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को गांव के लोगों ने आरोपी को फांसी देनेे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और कैंडल मार्च निकाला।
पुलिस के मुताबिक, परिजनों के साथ भरथल गांव में रहने वाली मासूम मंगलवार को घर के बाहर खड़ी थी। पिता के साथ काम करने वाला 24 वर्षीय पड़ोसी युवक उसके पास आया और फ्रूटी पिलाने का बहाना कर अपने साथ ले गया। बच्ची को गांव के एक तालाब के पास ले जाकर उसने दुष्कर्म किया और उसे लहूलुहान छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद उसके परिजनों की पहचान की। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में युवक बच्ची को ले जाते हुए दिख गया। गुरुवार रात को पुलिस ने एक मंदिर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वह वहां नशे की हालत में था। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि आरोपी फिलहाल कोई काम नहीं करता है।