फरीदाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में एक पुलिसकर्मी और एक महिला की मौत हो गई।
ये दोनों घटनाएं अलग-अलग जगह की हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों की मौत बीमारी के कारण हुई है।
पहला मामला थाना सदर बल्लभगढ़ क्षेत्र के गांव दयालपुर का है। पुलिस के मुताबिक, सुदेश पाल सिंह (44) यहां परिवार के साथ रहता था। वह हरियाणा पुलिस में हवलदार था।
इस समय उसकी ड्यूटी गुड़गांव के थानों में लग रही थी। बताया गया है कि रविवार को सुदेश पाल छुट्टी पर गांव दयालपुर आया हुआ था। रात में उसकी तबियत अचानक खराब हो गई। परिवार वालों ने उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: एक फ्लैट में मिलीं तीन लाशें और आपत्तिजनक सामान
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पता लगा है कि सुदेश की बीमारी से मौत हुई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
दूसरा मामला सेक्टर-7 थानाक्षेत्र के सेक्टर-11 चौकी का है। पुलिस ने बताया कि करीब 40 वर्षीय आशा अपने बच्चों के साथ अजरौंदा में रामा पैलेस के पास स्थित झुग्गियों में रहती थी।
उसके पति की कुछ माह पहले मौत हो चुकी है। वह मजदूरी करती थी। रविवार रात उसकी घर में मौत हो गई। शुरुआत जांच में पता लगा है कि आशा को टीबी था। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता लगेगा।