दिल्ली में शकूरपुर के रानी बाग इलाके से एक शख्स के आत्महत्या का मामला सामने आया है। जहां एक हिंदू कॉलेज के प्रोफेसर ने अपार्टमेंट के अंदर फांसी लगा ली है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस को फोन कॉल पर आत्महत्या की सूचना मिली थी।
पुलिस ने बताया कि बीती 26 अप्रैल 2023 को रानी बाग इलाके में पीसीआर को फोन कॉल आई थी। पुलिस को बताया था कि डीटीसी अपार्टमेंट के टॉप फ्लोर पर एक 29 साल के शख्स ने फांसी लगा ली है। इसके बाद एसएचओ समेत जांच टीम मौके पर पहुंची। आगे बताया कि इस टॉप फ्लोर पर दो रूम थे। एक रूम में लोहे का गेट था और दूसरी में लकड़ी का गेट। लकड़ी का गेट अंदर से बंद था। इसके बाद बाहरी दिल्ली की मोबाइल क्राइम टीम घटना स्थल पर पहुंची। घर के अंदर घुसने के लिए पुलिस ने दरवाजों को तोड़ा।
पुलिस ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान राजस्थान के बारां जिले के मोलकी गांव के रहने वाले समीरवीर के रूप में हुई है। ये शख्स रूम के अंदर पंखे से लटका मिला था। इसके बाद पुलिस ने तुरंत इस शख्स को एमवी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने इसे मृत घोषित कर दिया। घटना स्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया था। मोबाइल क्राइम टीम के साथ एफएसएल ने भी मामले की जांच की।
पुलिस ने उसके भाई से पूछताछ की तो पता चला कि मृत हिंदू कॉलेज में पढ़ाता था। हाल ही में उसकी जगह एक अन्य लेक्चरर को नियुक्त किया गया था। जिसकी वजह से वह डिप्रेशन में था। रूम के अंदर से कई सारी शराब की बोतलें और सिगरेट की डिब्बी मिली हैं। मृतक की मौत के पीछे किसी की साजिश का कोई भी संदेह नहीं है। मृतक का पोस्टमार्टम आज बीजेआरएम अस्पताल में होगा।