नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने उत्तरी दिल्ली में विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन और मॉरिस नगर क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान के तहत संयुक्त तलाशी एवं जांच अभियान चलाया। पुलिस ने जांच अभियान नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर चलाया। मंगलवार को चलाए गए इस अभियान में डॉग स्क्वॉड की भी सहायता ली गई।
अपराध शाखा की एनएनटीएफ यूनिट के पुलिस उपायुक्त गौरव गुप्ता ने बताया कि टीमों ने प्रशिक्षित खोजी कुत्ते की मदद से खोखे, पान-बीड़ी की दुकानों, चाय की दुकानों, सार्वजनिक स्थलों और एकांत इलाकों की जांच की। उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध रूप से घूम रहे लोगों से पूछताछ की गई। साथ ही स्थानीय दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं और निवासियों से इलाके में मादक पदार्थों की गतिविधियों या नियमित रूप से नशा करने वालों के बारे में जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने कहा कि यह अभियान मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे व्यापक प्रयासों का हिस्सा है। ब्यूरो