दिल्ली के शादीपुर डिपो के पास तेज रफ्तार देवी बस ने पहले से खड़ी डीटीसी बस में टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
दिल्ली के रंजीत नगर में शुक्रवार को शादीपुर डिपो के पास तेज रफ्तार देवी बस पहले से खड़ी डीटीसी बस से टकरा गई। हादसे में 37 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य लोग घायल हो गए। यह घटना तब हुई जब डीटीसी बस डिपो स्टैंड पर खड़ी थी और कथित तौर पर लापरवाही से चलाई जा रही देवी (दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल इंटरकनेक्टर) बस ने पीछे से उसमें टक्कर मार दी।
विज्ञापन
पुलिस ने बताया कि टक्कर के कारण खड़ी बस ने सड़क पार कर रहे तीन पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि बस को टिकरी कलां निवासी देवेंद्र (56) चला रहा था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीनों घायलों को आरएमएल अस्पताल ले जाया गया। उनमें से एक की पहचान बलजीत नगर निवासी सौरभ के रूप में हुई, जिसे बाद में आरएलकेसी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।