-प्रदर्शन स्थल पर भगत सिंह, डॉ. भीमराव आंबेडकर, चंद्रशेखर आजाद, सावित्रीबाई फुले और ज्योतिराव फुले जैसे महान व्यक्तित्वों की तस्वीरें और पोस्टर भी लगाए गए
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
प्रदर्शन स्थल पर भगत सिंह, डॉ. भीमराव आंबेडकर, चंद्रशेखर आज़ाद, सावित्रीबाई फुले और ज्योतिराव फुले जैसे महान व्यक्तित्वों की तस्वीरें और पोस्टर भी लगाए गए हैं। प्रदर्शनकारी इन नेताओं के विचारों को अपनी प्रेरणा बता रहे हैं। आंदोलन के दौरान कई बार इंकलाब जिंदाबाद के नारे भी लगाए जा रहे हैं। प्रदर्शन में देश के अलग-अलग राज्यों से आए युवा बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं। कई छात्र अपने परिवार से बिना बताए दिल्ली पहुंचे हैं। प्रदर्शन में शामिल प्रयागराज के 15 वर्षीय एक छात्र ने बताया कि वह घर से बिना बताए दिल्ली आया है। उसके पास अतिरिक्त सामान भी नहीं है और वह अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ मिलकर रह रहा है। वहीं, प्रयागराज की एक युवती ने अपनी पहचान छिपाकर प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उसका कहना है कि परिवार इस आंदोलन का समर्थन नहीं करता, इसलिए उसने मास्क पहनकर भागीदारी की। मुंबई की एक छात्रा भी अपने माता-पिता को बताए बिना दिल्ली पहुंची। उसने बताया कि परिवार लगातार घर लौटने के लिए कह रहा है, लेकिन वह अपनी मांगों को लेकर फिलहाल प्रदर्शन में डटी रहना चाहती है।