वैसाखी पर दिल्ली से 409 श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान रवाना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। खालसा साजना दिवस और वैसाखी पर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के जत्थे को पाकिस्तान स्थित गुरुधामों के दर्शन के लिए रवाना किया। दिल्ली से बुधवार को 409 श्रद्धालुओं का जत्था अमृतसर के लिए रवाना हुआ, जहां से वह 10 अप्रैल को वाघा बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान में प्रवेश करेंगे।
इस अवसर पर गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां हेड ग्रंथी ज्ञानी दिलबाग सिंह ने अरदास कर जत्थे की सुखद और सफल यात्रा की कामना की। कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलो ने श्रद्धालुओं को बधाई देते हुए उनके सुरक्षित यात्रा की कामना की। कार्यक्रम में विदेश मामलों के सलाहकार परमजीत सिंह चंडोक, मीडिया सलाहकार सुदीप सिंह, गुरुद्वारा प्रबंधन से जुड़े सतनाम सिंह जग्गा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि इस बार देशभर से 2840 श्रद्धालु इस जत्थे में शामिल हो रहे हैं, जिनमें दिल्ली के 409 श्रद्धालु भी शामिल हैं। सभी श्रद्धालु पाकिस्तान में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा पंजा साहिब में वैसाखी का पर्व मनाएंगे और 19 अप्रैल को भारत लौटेंगे। जत्थे के सुचारु संचालन के लिए दिल्ली कमेटी सदस्य हरजीत सिंह पप्पा और अनूप सिंह घुम्मन को इंचार्ज बनाया गया है। कमेटी ने इस बार सुरक्षा और प्रक्रिया को लेकर विशेष सावधानी बरती है। पिछले वर्ष एक महिला श्रद्धालु के जत्थे से अलग होने की घटना से सबक लेते हुए इस बार सभी यात्रियों का सत्यापन कर ही वीजा प्रक्रिया पूरी की गई।