हथीन थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि रविवार को अपहरण के बाद आरोपी पीड़िता को राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित होटल पर ले गए। होटल में ही पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। होटल में ही पीड़िता के पास उसके परिजनों के फोन आने लगे थे। इस कारण आरोपी घबरा गए। आरोपी पीड़िता को एक स्थान पर छोड़ कर फरार हो गए।
जिनमें से एक को पुलिस ने मंगलवार को ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद से पुलिस यह जानने का प्रयास करती रही कि आरोपी बालिग है अथवा नाबालिग। इस बारे में आरोपी के परिजनों ने थाना प्रभारी मुकेश कुमार को आधार कार्ड की कॉपी प्रस्तुत की। पुलिस आधारकार्ड का सत्यापन करा रही है। पुलिस आरोपी के शैक्षणिक प्रमाण पत्रों से उसकी आयु का पता लगाने में जुटी है।
समाचार भेजे जाने तक सत्यापन नहीं हो पाया। थाना प्रभारी का कहना है कि सत्यापन के बाद ही आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। दूसरे आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस बीच पीड़िता के बयान भी पुलिस ने अदालत में कलमबंद करा दिए हैं। थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस इस मामले में गहनता से जांच कर रही है।
आरोपी के पास से अभी तक कोई हथियार बरामद नहीं किया गया है। थाना प्रभारी का कहना है कि इस घटना में हथियार से डराने धमकाने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद अभी भी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने उस होटल प्रबन्धन के लोगों से भी पूछताछ की है, जिसमें आरोपी पीड़िता को ले गए थे।