आनंद पर्वत थाना इलाके में दो सगे भाइयों ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक युवती की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। आरोपियों ने युवती को बचाने आई उसकी मां को भी चाकू मारकर घायल कर दिया।
आरोपियों ने युवती को करीब 22 वार चाकू मारे। बताया जा रहा है कि छेड़छाड़ के विरोध के दौरान युवती ने आरोपियों के घर के सामने थूक दिया था।
इस पर दोनों ने युवती की बेरहमी से हत्या कर दी। दोनों पक्ष पड़ोसी हैं। वर्ष 15 अक्तूबर 2013 में भी युवती ने एक आरोपी जयप्रकाश के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दी थी। इस मामले में पुलिस कार्रवाई हुई थी।
युवती की मां को भी चाकू मारकर जख्मी किया
आनंद पर्वत थाना पुलिस ने शुक्रवार को हत्यारोपी दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। मध्य जिला पुलिस उपायुक्त परमादित्या के अनुसार,आनंद पर्वत की पंजाबी बस्ती में 19 वर्षीय युवती मीनाक्षी की चाकू से गोदकर हत्या करने की सूचना 16 जुलाई को रात करीब पौने आठ बजे मिली थी।
सूचना मिलते पर आनंद पर्वत थानाध्यक्ष सहदेव राणा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। युवती व उसकी मां को आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान युवती मीनाक्षी की मौत हो गई।
मीनाक्षी के शरीर पर चाकू लगने के करीब 22 घाव थे। आनंद पर्वत थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर तफ्तीश शुरू की।
बाजार से अकेली लौट रही थी मीनाक्षी
तफ्तीश में पता लगा कि युवती व उसकी मां पर हमला पड़ोस में रहने वाले दो सगे भाई जयप्रकाश उर्फ सन्नी और अजय ने किया है। आए दिन दोनों परिवारों में छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा होता रहता था।
16 जुलाई की रात करीब साढ़े सात बजे जब मीनाक्षी बाजार से लौट रही थी तो जयप्रकाश व अजय ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। मीनाक्षी की मां उसे बचाने आई तो आरोपियों ने उसे भी चाकू मारकर जख्मी कर दिया।
पुलिस ने 17 जुलाई को जयप्रकाश और अजय को गिरफ्तार कर लिया। जयप्रकाश का कहना है कि युवती ने उसके घर के सामने थूक दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। जयप्रकाश(21) गफ्फार मार्केट में सेल्समैन का काम करता था।