-बवाना इलाके की घटना, तकनीकी जांच और पूछताछ में कुछ ही घंटों में फर्जी लूट का राज, चालक बेटे के साथ गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बवाना इलाके में मालिक से नाराज सहायक कार चालक ने अपने बेटे के साथ मिलकर मालिक के 17.75 लाख रुपये सोमवार को हड़प लिए। आरोपी ने इसे लूटपाट की शक्ल देने की कोशिश की और इसकी जानकारी बवाना थाने को दी। पुलिस की जांच में झूठ से पर्दा हट गया। पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर पूरी रकम बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश (52) और उसके बेटे 26 साल के भारत के रूप में हुई है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 11 मई को बवाना थाना पुलिस को सेक्टर-2 गोल चक्कर के पास लूटपाट की सूचना मिली। मौके पर पुलिस को कारोबारी की कार का चालक नरेश मिला। जिसने बताया कि वह अपने मालिक की रकम लेकर काले रंग की इनोवा से जा रहा था। तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने पत्थर मारकर कार का शीशा तोड़ दिया और करीब 18 लाख रुपये लेकर भाग गए।
निरीक्षक गौरव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। फुटेज में नरेश की कार को घटनास्थल के पास संदिग्ध हालत में धीमी होती दिखाई दी। लेकिन किसी बाइक वाले को उसका पीछा करते नहीं देखा गया। इस संबंध में पूछताछ करने पर नरेश विरोधाभाषी बयान दे रहा था। फोन रिकार्ड खंगालने पर पता चला कि घटना के समय वह अपने बेटे भारत के संपर्क में था। शक होने पर पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की। जिसमें उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।