तावड़ू। उपमंडल के गांव चाहलका में एक बच्चे के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। जिसमें पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मोहम्मद पुर अहीर थाना पुलिस में 15 नामजद सहित 25 अन्य के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल की शाम करीब 3:25 बजे गांव निवासी आजाद पुत्र दाउद के 9 वर्षीय पोते मोहम्मद अयान के साथ आरोपियों द्वारा स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान पैसों को लेकर कथित मारपीट की गई। पीड़ित का कहना है कि बच्चे के पास पैसे नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की गई और बेल्ट से पीटने का आरोप लगाया गया। जब परिजनों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और आरोप है कि सिरदार, इरशाद, जुबैर, अलताफ, समीम, अजरु, मौईन, राशिद, इसुफ, रिजवान, इरफान, सहजाद, हसीन, साहिल और अहसान समेत 15 नामजद तथा 20-25 अन्य लोग लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी व अन्य हथियारों के साथ हमला करने पहुंच गए।शिकायत में आरोप लगाया गया कि हमलावरों ने घर के बाहर पहुंचकर राबिद, साहून और अरबाज पर हमला कर दिया। मारपीट में साहून के चेहरे, दांत और पैर में चोटें आईं, जबकि राबिद को भी गंभीर चोट लगी। अरबाज के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप लगाया गया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद पथराव और लाठी-डंडों से हमला जारी रहा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर घायलों को बचाया। घटना के बाद आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।घायलों को तावड़ू सीएचसी ले जाया गया, जहां से उन्हें नल्हड़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया और गंभीर चोटों के चलते बाद में पीजीआईएमएस रोहतक भेजा गया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि मामले में अभी किसी आरोपी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।