मरीजों को पर्ची बनवाने और खून की जांच के लिए नहीं लगानी पड़ेगी लाइन, डॉक्टर को एक क्लिक पर मिलेगा पूरा मेडिकल रिकॉर्ड
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। लोकनायक अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को जल्द ही ओपीडी पर्ची बनवाने और खून की जांच कराने के लिए लंबी कतारों से राहत मिलेगी। अस्पताल प्रशासन ओपीडी व्यवस्था को डिजिटल बनाने की तैयारी में जुटा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद मरीज की बीमारी से लेकर जांच रिपोर्ट तक का पूरा रिकॉर्ड डॉक्टर को एक क्लिक पर उपलब्ध होगा।
अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. बीएल चौधरी ने बताया कि मरीजों की सुविधा के लिए ओपीडी पर्ची की प्रक्रिया को डिजिटल किया जा रहा है। इसके तहत मरीज के पंजीकरण की जानकारी तुरंत संबंधित डॉक्टर तक पहुंच जाएगी। डॉक्टर के पास मरीज का पूरा मेडिकल रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा, जिससे उपचार की प्रक्रिया आसान और तेज होगी। इससे मरीजों को अस्पताल में इलाज के लिए लगने वाले समय में भी कमी आएगी।
नई व्यवस्था के तहत खून की जांच कराने के लिए अलग से पर्चा बनवाने की जरूरत नहीं होगी। डॉक्टर जांच की जरूरत के अनुसार मरीज की जानकारी सीधे लैब को भेज सकेंगे। इससे मरीजों को अनावश्यक भागदौड़ और कतारों से छुटकारा मिलेगा। डॉ. चौधरी के मुताबिक, लोकनायक अस्पताल की ओपीडी में रोजाना करीब छह से सात हजार मरीज आते हैं, जबकि इमरजेंसी में 700 से 800 मरीज पहुंचते हैं। ऐसे में डिजिटल व्यवस्था से बड़ी संख्या में मरीजों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि दूसरे सरकारी अस्पतालों से रेफर होकर आने वाले मरीजों को बेड उपलब्ध कराने के लिए भी समन्वय व्यवस्था बनाई गई है। इसके अलावा अस्पताल के विस्तार की योजनाओं पर भी काम जारी है।