मरीज राकेश की पीठ में धंसा सूआ ,एम्स के डॉक्टर्स ने सफल ऑपरेशन कर निकाला
- फोटो : अमर उजाला
देश के सबसे बड़े चिकित्सीय संस्थान एम्स के डॉक्टरों ने दिल्ली के ही एक युवक को नया जीवन दिया है। राह चलते एक विवाद के कारण पीठ में घुसा सूआ को लेकर 28 वर्षीय घायल तीन दिन तक विभिन्न अस्पतालों के चक्कर काटता रहा।
लेकिन जब उसे कहीं भी उम्मीद नहीं दिखी तो वह एम्स के ट्रामा सेंटर पहुंचा, जहां कुछ ही दिन पहले डॉक्टरों ने उसकी सर्जरी कर सूआ निकालने में कामयाबी हासिल की। फिलहाल मरीज स्वस्थ्य है।
डॉक्टरों ने बताया कि उत्तरी दिल्ली निवासी राकेश की पीठ में किसी ने सूआ घोंप दिया था। छह इंच की लंबाई वाला सूआ इस कदर घोंपा गया था कि राकेश की पीठ से होता हुआ वह बांये फेफड़े में जाकर फंस गया था।
आमतौर पर ऐसे मामलों को देखने के लिए एम्स के पास काफी कुशल डॉक्टरों की टीम मौजूद है। जो बगैर किसी चीर फाड़ के भी इस तरह के केस का निपटारा कर सकती है। राकेश को लेकर भी ऐसा ही हुआ। एम्स के डॉक्टरों ने वीडियो असिस्टेड थोरेस्कोपिक सर्जरी से ऑपरेशन करके सूआ निकाल लिया।