-छावला इलाके की घटना, परिवार वालों ने आरोपी को पकड़कर पीटा
-पुलिस ने बच्ची की मां के बयान पर दुष्कर्म और पॉक्सो के तहत मामला दर्ज कर आरोपी दुकानदार को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
द्वारका जिले के छावला थाना इलाके में चॉकलेट देने के बहाने दुकान में ले जाकर छह साल की मासूम के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां का आरोप है कि 65 साल के आरोपी दुकानदार ने वारदात को अंजाम दिया। साथ ही किसी को कुछ बताने पर बच्ची को मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रही है। जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि पीड़ित बच्ची अपने परिजनों के साथ छावला इलाके में रहती है। उसकी मां पास के निजी स्कूल में साफ सफाई का काम करती है। सोमवार को पुलिस को छावला इलाके में बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न और आरोपी की पिटाई की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने 65 साल के आरोपी को लोगों से बचाकर हिरासत में ले लिया। उसका स्कूल के पास दुकान है।
बच्ची की मां ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी अपने छोटी बहन के साथ स्कूल के पास खेल रही थी। आरोप है कि चॉकलेट देने के बहाने आरोपी बच्ची को अपनी दुकान में ले गया। जहां आरोपी ने बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न किया। वारदात के बारे में किसी को कुछ भी बताने पर आरोपी ने उसे धमकी दी। वहां से आने के बाद बच्ची ने सारी बातें अपनी मां को बताईं, जिन्होंने आगे एक रिश्तेदार को इसकी जानकारी दी। फिर परिवार वालों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई की। पुलिस ने बच्ची की मां के बयान पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।