दिल्ली में एक नाबालिग लड़की ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि लड़की अपने माता-पिता की डांट से नाराज थी, इसलिए उसने ऐसा कदम उठाया। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाहरी उत्तरी दिल्ली के अलीपुर इलाके में एक 15 वर्षीय लड़की ने सोमवार को अपने घर में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि माता-पिता ने किशोरी को किसी बात पर डांट दिया था। अलीपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजकर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लड़की बख्तावरपुर इलाके में अपने घर में फंदे से लटकी हुई पाई गई। उसके पिता उसे बुराड़ी के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार किशोरी ने अपने सुसाइड नोट में अपने माता-पिता और भाइयों से इस कदम के लिए माफी मांगी है। बताया जा रहा है कि अपने माता-पिता द्वारा डांटे जाने के बाद किशोरी ने आत्महत्या करने जैसा कदम उठाया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटना के बारे में सोमवार सुबह 10.12 बजे एक कॉल मिली, जिसके बाद एक पुलिस टीम को अस्पताल भेजा गया। किशोरी बख्तावरपुर के एक सरकारी स्कूल में कक्षा 11 की छात्रा थी और अपने माता-पिता, जो दिहाड़ी मजदूर हैं और तीन भाइयों के साथ किराये के मकान में रहती थी। पुलिस का कहना है कि उसके द्वारा यह कदम उठाने के पीछे के कारण का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है।