अशोक विहार से भीमगढ़ खेड़ी तक ड्रेन की चौड़ाई छह से बढ़ाकर नौ मीटर होगी
फोटो-
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) मास्टर स्टॉर्म वाटर ड्रेन लेग-2 के 1.4 किलोमीटर हिस्से का नए सिरे से निर्माण करेगा। इस परियोजना पर करीब 20.17 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका उद्देश्य शहर में बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था को मजबूत करना है। अशोक विहार से रेलवे पुलिया संख्या-50 तक आरसीसी ड्रेन बनाई जाएगी। ड्रेन की चौड़ाई छह मीटर से बढ़ाकर नौ मीटर की जाएगी। लेग-2 सुपर मार्ट सेक्टर-27 से शुरू होकर नजफगढ़ ड्रेन में मिलता है। यह कई प्रमुख क्षेत्रों जैसे सेक्टर-29/41 और अशोक विहार से होकर गुजरता है। जीएमडीए के मुख्य अभियंता हेमंत कुमार ने बताया कि सभी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं। काम जल्द शुरू होगा और एक साल में पूरा करने का लक्ष्य है। निर्माण के बाद शहरी क्षेत्र में इसे ऊपर से ढक दिया जाएगा।
जलभराव से निपटने की तैयारी
शहर में हर मानसून मौसम में जलभराव की समस्या आती है। जीएमडीए पुराने मास्टर ड्रेन की क्षमता बढ़ाने पर काम कर रहा है। नए ड्रेन विकसित करने की योजनाएं भी चल रही हैं। पानी निकासी के लिए लेग-1, लेग-2 और लेग-3 प्रमुख हैं। गुरुग्राम-सोहना-नूंह से पलवल तक नई ड्रेन का प्रारंभिक खाका भी तैयार हो रहा है।