फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi NCR News: नौकरी व सस्ते लोन के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का खुलासा, मास्टरमाइंड समेत तीन गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
-नोएडा में फर्जी ऑफिस चलाकर तमिलनाडु के लोगों को बनाते थे शिकार
विज्ञापन

-कर्नाटक बैंक के खाते से 2.60 लाख से अधिक की लेनदेन का पता चला, मामले की छानबीन कर रही पुलिस
-पूर्वी जिला की साइबर थाना पुलिस ने आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन और बैंक दस्तावेज किए बरामद
-कमीशन के लालच में किराए पर लिए जाते थे म्यूल बैंक खाते, आरोपियों से पूछताछ जारी

अमर उजाला ब्यूरो

पूर्वी दिल्ली।
पूर्वी जिला साइबर थाना पुलिस ने लोन, बीमा पॉलिसी और नौकरी दिलाने के नाम पर भोले-भाले लोगों से ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर सिंडिकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में फर्जी फाइनेंस ऑफिस चलाने वाले मुख्य सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कमीशन के चक्कर में म्यूल बैंक खातों का नेटवर्क चला रहे थे। इनके निशाने पर तमिलनाडु के लोग होते थे। पुलिस की छानबीन में तमिलनाडु के कई लोगों की शिकायतें मिली हैं। पूर्वी जिला पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पता लगा रही है कि इन लोगों ने अब कितने लोगों के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया।
पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि तमिलनाडु के डिंडीगुल निवासी बी. मुरुगन ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर एक शिकायत दी थी। अपनी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि मुद्रा फाइनेंस के नाम पर पर्सनल लोन दिलाने का झांसा देकर उनसे प्रोसेसिंग फीस के रूप में 39,020 रुपये ठग लिए गए। पैसे लेने के बाद भी उन्हें कोई लोन नहीं मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। जांच के दौरान पुलिस टीम को लक्ष्मी नगर स्थित कर्नाटक बैंक के एक संदिग्ध खाते का पता चला। इस खाते में साइबर ठगी के 2.60 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी रवि शर्मा (42) नोएडा के सेक्टर-2 के एक दफ्तर से फर्जी लोन और वित्तीय सेवाओं का ऑफिस चला रहा था। वह लोगों को सस्ते पर्सनल लोन और नौकरी दिलवाने का झांसा देकर प्रोसेसिंग फीस के नाम पर रकम वसूलता था। उसने अपने ऑफिस में स्टाफ भी रखा हुआ था। इन सभी को लगता था कि वह सभी कोई वैध काम कर रहे हैं। रवि को गिरफ्तार कर लिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

पुलिस ने मामले में एक और आरोपी गौरव (33) को गिरफ्तार किया। वह कमीशन का लालच देकर लोगों से बैंक खाते इंतजाम करता था। उसने अपने चचेरे भाई सनी कश्यप (40) को भी पैसों का लालच देकर उसके नाम से कई बैंक खाते खुलवाए और उनके चेकबुक, पासबुक, एटीएम कार्ड व सिम कार्ड अपने कब्जे में ले लिए। इन खातों को वह रवि शर्मा को ठगी की रकम मंगवाने के लिए मुहैया कराता था। बाद में पुलिस ने सनी कश्यप को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी रवि के पास से 7 मोबाइल फोन और गौरव के पास से सनी कश्यप की चेकबुक, पासबुक व अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। आरोपियों के बीच हुई व्हाट्सएप चैट से भी इस रैकेट के कई अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें