कोहरे का कहर लगातार जारी है। रविवार के दिन कोहरे ने सबसे ज्यादा असर दिखाया। रनवे पर दृश्यता 125 मीटर से भी कम रही है। सुबह चार बजे से ही रनवे घने कोहरे की चपेट में आना शुरू हो गया था। यह स्थिति सुबह के 10 बजे तक रहा। इस वजह से अन्य स्थानों से आने वाली 250 से अधिक घरेलू फ्लाइट देरी से पहुंचीं तो इतनी ही उड़ानें देरी से संचालित हुईं। अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट की भी यही स्थिति रही। आने-जाने वाले करीब 225 विमान देरी से संचालित हुए। इस वजह से यात्रियों को तमाम समस्याओं का सामना करना पड़ा। वह एयरपोर्ट के पूछताछ केंद्र से लेकर अन्य अधिकारियों से संपर्क करते रहे। लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका।
विमान रद्द होने से नाराज यात्रियों ने काटा हंगामा
विमान संचालन में लगातार देरी की वजह से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। कई विमान रद्द होने की वजह से यात्रियों ने हंगामा भी किया। एयर इंडिया के एक विमान के रद्द होने पर यात्रियों ने दूसरे विमान के टिकट की मांग की तो उन्हें मौसम का हवाला देकर लौटा दिया गया। लगातार विमानों के देरी से संचालित होने की वजह से बड़ी संख्या में एयरपोर्ट पर भीड़ जमा हो गई थी। व्यवस्थाएं चरमराने से परेशान यात्री यहां वहां भटकने पर मजबूर हुए।
मिलान की फ्लाइट निरस्त, यात्रियों की शिकायत
दोपहर दो बजे मिलान की फ्लाइट अचानक निरस्त कर दी गई। यात्रियों से बार-बार यही कहा गया कि दूसरी फ्लाइट से भेजेंगे। लेकिन शाम 6 बजे यात्रियों से यह कह दिया गया कि कोई फ्लाइट नही है, लिहाजा आप सभी एयरपोर्ट से बाहर चले जाएं। यात्री सुधीर चड्ढा ने अमर उजाला को बताया कि सिक्योरिटी स्टाफ ने जबरन बाहर जाने को मजबूर किया। एयर इंडिया वालों ने किसी अन्य विमान से मिलान भेजने का आश्वासन तक नहीं दिया। हर घंटे कहते रहे कि दूसरी फ्लाइट से भेजेंगे। उन्होंने बताया कि रात करीब नौ बजे 200 यात्रियों को होटल ले जाने की बात कहते हुए एयरपोर्ट के बाहर बस में बैठा दिया गया।