मंडावली इलाके में मनी ट्रांसफर का काम करने वाले युवक से 90 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी को 15 लाख रुपये लेकर ऑनलाइन रकम ट्रांसफर करनी थी।
लेकिन 90 लाख मिलते ही आरोपी ने रुपये लेकर आने वाले युवक को पिस्टल के बल पर कार से नीचे उतारकर फरार हो गया। पीड़ित ने मंडावली थाने में इस बाबत शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी व उसके सहयोगी की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार करण सिंह सपरिवार नोएडा के गौतमबुद्ध नगर में रहता है। करण के फुफेरे भाई बरमजीत की ग्रेटर नोएडा में आरुष ऑनलाइन सर्विस नाम की कंपनी है। कंपनी में मनी ट्रांसफर का काम होता है।
बरमजीत ने रविवार दोपहर करण को 90 लाख रुपये दिए और रकम को अक्षरधाम के पास सचिन शर्मा नाम के शख्स को देने के लिए कहा। दोपहर तीन बजे करण अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचा। जहां सचिन उसका पहले से इंतजार कर रहा था। सचिन ने करण को रकम से भरे बैग को लेकर कार में बैठने के लिए कहा। कार में पहले से एक युवक बैठा था। तीनों नोएडा की ओर चल दिए।
इसी दौरान कार में बैठे युवक ने करण से बैग ले लिया और कुछ दूर जाने के बाद पिस्टल दिखाकर उसे कार से उतार दिया। दोनों आरोपी नोएडा की ओर भाग गए।
पीड़ित ने बरमजीत को घटना की जानकारी दी और मंडावली थाने में इस बाबत शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया। पीड़ित ने बताया कि रकम देने से पहले उसे बरमजीत को फोन करना था। लेकिन आरोपी ने उसे मौका नहीं दिया। उसे सचिन को सिर्फ 15 लाख रुपये देने थे। इसके बदले सचिन को बरमजीत के खाते में ऑनलाइन रकम भेजनी थी। पुलिस मामले की जांच करने के साथ साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।