गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र के घूकना इलाके में 86 साल की एक बुजुर्ग महिला ने अकेले तीन-तीन बदमाशों के छक्के छुड़ा दिए। बदमाशों ने जब जेवर लूटने की कोशिश की, तो बुजुर्ग महिला ने एक बदमाश को पकड़ लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया।
बदमाश ने उन्हें 10 मीटर तक घसीटा भी, लेकिन उन्होंने उसे नहीं छोड़ा। बदमाशों ने भी साथी को छुड़ाने की पूरी कोशिश की, लेकिन असफल रहे। इस बीच लोगों को आते देख, दोनों बदमाश भाग निकले।
लोगों ने पकड़े गए बदमाश की जमकर धुनाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस बदमाश के फरार साथियों की तलाश में जुट गई है। हालांकि, बदमाशों के साथ लड़ने के दौरान बुजुर्ग महिला के काम कट गए। उनके पैरों में भी चोटें आई हैं।
घूकना गली-7 में संदीप तायल परिवार के साथ रहते हैं। त्यागी मार्केट में उनकी कंफेक्शनरी शॉप है, जबकि घर पर ही उन्होंने किराने की दुकान खोल रखी है। शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे संदीप की मां प्रेमवती (86) घर के बाहर स्थित दुकान के चबूतरे पर बैठी थीं।