दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 15490 गाडि़यां ऐसी हैं जिनके 10-10 चालान (हर वाहन के 10 चालान) हैं। 3034 वाहन ऐसे हैं जिनके 20-20 चालान हैं। 1058 वाहन ऐसे हैं जिनके 30-30 चालान हैं। 240 से ज्यादा वाहन ऐसे हैं जिनके 50-50 चालान हैं। 30 वाहन ऐसे है जिनके 109-109 चालान हैं। 12 वाहन ऐसे हैं जिनके 150 चालान हैं।
दो वाहन ऐसे हैं जिनके 200-200 चालान हैं। एक वाहन ऐसा है जिसके 250 चालान हैं। एक वाहन के 301 और एक अन्य वाहन के 351 चालान हैं। 9 वाहन ऐसे हैं जिनके क्रमश: 407, 456, 560, 474, 515, 530, 562, 596, 637 चालान हैं। फरीदाबाद के रहने वाले इकबाल की कैब के सबसे ज्यादा 856 चालान हैं।
इकबाल की कार के सबसे ज्यादा 807 चालान ओवर स्पीड के हैं। लाल बत्ती तोड़ने के 43, स्टॉप लाइन उल्लंघन के 5 और अवैध पार्किंग का एक चालान है। इसी तरह गाजियाबाद के अभिषेक की कार के ओवर स्पीड के 565, रेड लाइट जंपिंग के 59, स्टॉप लाइन वॉयलेशन के 9 वनवे के दो, अवैध पार्किंग के 6 और बिना सीट बेल्ट का एक चालान है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस कुछ नहीं कर पा रही
इन वाहन चालकों ने सोमवार तक चालान नहीं भरे। खास बात ये है कि सभी वाहन दिल्ली की सड़कों पर धड़ल्ले से फर्राटा भर रहे हैं और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस उनको देखती रहती है। मालिकों को चालान जमा कराने का कोई डर नहीं है, क्योंकि इन वाहनों को जब्त करने का अभी तक कोई प्रावधान व कानून नहीं हैं।
दिल्ली पुलिस ने सरकार को लिखा पत्र
दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक यूनिट की ओर से हाल ही में दिल्ली सरकार को दूसरा रिमांडर पत्र लिखा गया है, मगर काफी दिन गुजर जाने के बावजूद दिल्ली सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है। दिल्ली पुलिस ने सरकार से आग्रह किया है कि खतरनाक ड्राइविंग आदि के तीन से ज्यादा चालान होने पर और पांच से ज्यादा अन्य चालान होने पर वाहन को जब्त करने और लाइसेंस को रद्द करने का जल्द प्रावधान किया जाएगा। दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) अजय चौधरी ने पिछले महीने दिल्ली सरकार को नया कानून बनाने के लिए रिमांडर पत्र लिखा है।
7 लाख की एसेंट कार के हैं 85 लाख 60 हजार रुपये के चालान
हुंडई की एक्सेंट कार की कीमत 7 लाख रुपये से शुरू होती है। इकबाल खान की एसेंट कार पुरानी है। ऐसे में इसकी कीमत 7 लाख से कम होगी। इसके चालान 85 लाख 60 हजार रुपये के हैं। एक चालान की कीमत अगर 10 हजार रखी जाए तो सभी चालान की संख्या 85 लाख 60 हजार रुपये होती है।