गॉल ब्लाडर (पित्ताशय) से पथरी निकालने की खबर अक्सर आपने सुनी और पढ़ी होगी, लेकिन एक मरीज के पित्ताशय से एक साथ 838 पथरियां निकालने की पहली घटना सामने आई है।
एक निजी अस्पताल के चिकित्सक ने एक बुजुर्ग महिला मरीज के पित्ताशय से 838 पथरियां निकाली हैं। चिकित्सक का दावा है कि इससे पहले भारत में एक मरीज के पित्ताशय से इतनी बड़ी संख्या में पथरी नहीं निकाली गई है। मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ है।
शालीमार बाग स्थित फोर्टिस अस्पताल में राणा प्रताप बाग में रहने वाली पुष्पा (69) के पित्ताशय से 838 पथरी निकाली गई हैं। ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक डॉ. अमित जावेद ने बताया कि पथरी की वजह से पित्ताशय का आकार छह गुणा बड़ा हो गया था और लिवर तक पहुंच गया था।