खाते से पैसे निकाले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए रिटायर्ड जिला सूचना अधिकारी ग्रेटर नोएडा कोतवाली और साइबर सेल के बीच 23 दिन तक चक्कर लगाते रहे। लेकिन उसकी एक नहीं सुनी गई। बुधवार को सोशल मीडिया में एफआइआर दर्ज न होने का मैसेज वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
जिला सूचना अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त आनंद चौधरी ग्रेटर नोएडा के ओमीक्रॉन-1ए सेक्टर में रहते हैं। एक जुलाई की रात 11:55 से 12:10 के बीच उनके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से ठगों ने 80 हजार रुपये निकाल लिए। 02 जुलाई की सुबह मोबाइल में मैसेज देखकर उन्हें इसका पता चला।
उसी दिन रिपोर्ट दर्ज कराने वह ग्रेटर नोएडा कोतवाली पहुंचे। आरोप है कि थाना प्रभारी ने धर्मेंद्र शर्मा ने शिकायत दर्ज न कर उन्हें साइबर सेल भेज दिया। साइबर सेल ने जांच कर बताया कि दिल्ली के बदरपुर में उनके खाते से रुपये निकाले गए हैं। आनंद का खाता एसबीआई कविनगर गाजियाबाद में है।