नोएडा के सेक्टर-71 स्थित सर्फाबाद में मंगलवार देर रात झुग्गियों में आग लग गई। दमकल की दस गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाना शुरू किया। बुधवार सुबह करीब 9 बजे आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक 72 झुग्गियां राख हो चुकी थीं।
सेक्टर-71 स्थित सर्फाबाद गांव में 100 के आसपास कबाड़ियों और अन्य लोगों की झुग्गियां हैं। देर रात अचानक झुग्गियों में आग लगने से कोहराम मच गया। आनन-फानन में दमकल और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
फायर स्टेशन ऑफिसर (एफएसओ) मामचंद बडगुर्जर ने बताया कि रात करीब 2:45 पर कंट्रोल रूम से सूचना पर दमकल की चार गाड़ियां रवाना कर दी गईं। फेस टू व फेस वन से तीन-तीन गाड़ियां और भेजी गईं।
दमकल विभाग ने छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद करीब 8:45 तक आग बुझा ली। इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन 72 झुग्गियां जल गईं। एफएसओ ने बताया कि झुग्गियों के ऊपर तार जले हुए थे। आशंका है कि शार्ट सर्किट से आग लगी हो।