छठे चरण के लोकसभा चुनाव में फरीदाबाद संसदीय सीट पर शहरी मतदाताओं ने ग्रामीणों को पछाड़ कर यह मिथक तोड़ दिया कि ऊंची-ऊंची बिल्डिंगों और बड़ी-बड़ी कोठियों में रहने वाले वोट डालने नहीं जाते हैं।
रविवार को शहरी सीट फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में 71 प्रतिशत मतदान हुआ, जोकि 2014 के लोकसभा चुनाव में इस क्षेत्र में 62.79 प्रतिशत मतदान हुआ था।
पिछली बार की अपेक्षा इस बार यहां 8.21 प्रतिशत अधिक मतदान हुआ है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में जहां अधिक मतदान की संभावना रहती है। उन विधानसभा सीटों हथीन और पृथला में मत प्रतिशत घटा है।
रविवार को हुए मतदान में शहर के पॉश सेक्टरों सहित ग्रेटर फरीदाबाद की ऊंची-ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों ने जमकर मतदान किया। फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-9, 10, 14, 15, 16, 17, 18 सहित ग्रेटर फरीदाबाद की कई सोसायटियां व पुराना फरीदाबाद का इलाका आता है।
सुबह से ही ग्रेटर फरीदाबाद सहित सेक्टरों के बूथों पर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई थी। पुरुषों के साथ महिलाएं भी मतदान में पीछे नहीं दिखी। जैसे जैसे दिन चढ़ता गया, फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में मतदान का प्रतिशत भी बढ़ता गया। सुबह 9 से 11 बजे तक फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में मात्र 3 प्रतिशत ही मतदान हुआ था।
मगर 9 से 11 बजे के बीच मतदान का प्रतिशत 20 प्रतिशत, 11 से 1 के बीच 35 प्रतिशत, दोपहर 1 से 3 बजे जब बड़खल विधानसभा में बूथ पर अधिकारी मतदाताओं का इंतजार कर रहे थे। इस विधानसभा में मत प्रतिशत 51 फीसदी पहुंच गया। दोपहर तीन से शाम 5 बजे तक 70 और मतदान समाप्त होते होते यह 71 फीसदी पहुंच चुका था।
वहीं ग्रामीण क्षेत्रों की बात करें तो हथीन विधानसभा क्षेत्र में पिछले लोकसभा चुनाव में 69.87 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि इस बार 66.42 प्रतिशत ही मतदान हुआ, जोकि पिछली बार के मुकाबले 3.45 प्रतिशत कम है। पृथला विधालसभा क्षेत्र में पिछली बार 71.44 प्रतिशत से इस बार घटकर 67.96 प्रतिशत वोटिंग हुई।
पृथला में 3.48 प्रतिशत तक वोटिंग दर्ज की गई। हालांकि होडल सीट पर पिछले चुनाव में 68.49 प्रतिशत मतदान हुआ था, जोकि इस बार बढ़कर 70.75 पहुंच गया है, जोकि 2.26 प्रतिशत अधिक है।