फरीदाबाद के ईएसआई अस्पताल में आने वाले मरीजों की समस्याएं कुछ कम होती नजर आ रही हैं। ईएसआई कॉरपोरेशन ने अस्पताल में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए फिर काम शुरू कर दिया है। इसके तहत दो डॉक्टरों को नियुक्त किया गया है। इनमें एक ईएनटी एवं एक सर्जन शामिल हैं।
दो जनवरी से अस्पताल में आने वाले मरीजों को अब दो नए सर्जन, एक स्त्री रोग विशेषज्ञ, दो नेत्र विशेषज्ञ डॉक्टरों की अतिरिक्त सुविधा मिलने लगेगी। इन डॉक्टरों के इंटरव्यू दिसंबर 2013 में हुए थे। अब यहां 22 स्थाई एवं 6 अस्थाई डॉक्टर हो गए हैं।
अस्पताल प्रबंधन ने सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के 19 अन्य खाली पदों को भरने के लिए दोबारा आवेदन आमंत्रित करने का निर्णय लिया है। अभी अस्पताल में कम से कम 70 डॉक्टरों के पद खाली बताए गए हैं। एनएच-तीन मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. असीम दास ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए काम किया जा रहा है।