नशे की तस्करी में इस्तेमाल की गई दोनों कारें भी की जब्त
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। पूर्वी जिला पुलिस के मादक पदार्थ निरोधक दस्ते ने 7 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 1.60 करोड़ रुपये मूल्य का मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल की गई दोनों कारें जब्त कर लीं। गिरफ्तार तस्करों की पहचान नवील निवासी दरियागंज, तालिब निवासी तुर्कमान गेट, नादिर खान उर्फ साहिल निवासी दरियागंज, मो. अमान निवासी तुर्कमान गेट, अरीब निवासी चांदनी, अर्शु निवासी संगम विहार और तरक्की निवासी तुर्कमान गेट के रूप में हुई।
जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि 27 अक्तूबर को गुप्त सूचना मिली कि कुछ लोग गाजीपुर बॉर्डर से होकर अक्षरधाम की तरफ मादक पदार्थ की खेप लेकर आ रहे हैं। सूचना पर टीम ने एनएच-9 पर जाल बिछाया। बैरिकेड लगाकर दो कारों को रोका गया। पहली कार हुंडई ऑरा बिना नंबर प्लेट वाली से 121.58 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। दूसरी कार हुंडई आई-20 से 600 ग्राम स्मैक मिली। इनमें से तालिब और अमान चांदनी महल थाने के कुख्यात बदमाश हैं। नादिर खान द्वारका उत्तर थाने का घोषित अपराधी है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के कासगंज में भी आर्म्स एक्ट का केस चल रहा है। पूछताछ में तस्करों ने कबूल किया कि वे पहले चोरी, डकैती और झपटमारी जैसे अपराध करते थे। जेल की सजा काट चुके ये लोग चांदनी महल इलाके में मिले और नशे का धंधा शुरू कर दिया। वे उत्तर प्रदेश से नशा मंगवाकर दिल्ली-एनसीआर में बेचते थे।