दिल्ली में निजी स्कूलों की फीस बढ़ाने को लेकर मनमानी जारी है। निजी स्कूल दिल्ली सरकार के निर्देशों की भी धज्जियां उड़ा रहे हैं। छोटे-बड़े 67 स्कूलों ने अब तक फीस बढ़ोतरी वापस नहीं ली है। ऐसे में दिल्ली सरकार इन स्कूलों को एक बार नोटिस भेजने की तैयारी कर रही है।
दिल्ली में कई छोटे-बड़े निजी स्कूलों ने मनमाने ढंग से फीस बढ़ोतरी की थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर इन स्कूलों को नोटिस भेजे गए थे। 195 स्कूलों को भेजे गए नोटिस में उन्हें मनमाने ढंग से बढ़ाई गई फीस को वापस लेने के लिए कहा गया था। इनमें से 128 स्कूलों ने सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए शुल्क बढ़ोतरी को वापस लिया।
इन स्कूलों में सेंट जेवियर, वंसत वैली, दिल्ली पब्लिक स्कूल वंसत विहार, डीपीएस दरका, फॉदर ऐग्नल, लक्ष्मण पब्लिक स्कूल जैसे नाम शामिल हैं। इन स्कूलों समेत अन्य स्कूलों ने शिक्षा निदेशालय को सूचित किया कि वह अपनी बढ़ी हुई फीस वापस ले रहे हैं।
इन स्कूलों के फीस वापस लेने के कारण कुल 2, 03, 055 छात्रों को लाभ हुआ। जबकि 67 स्कूलों ने सरकार के दिशा-निर्देशों की अवहेलना करते हुए फीस बढ़ोतरी को वापस नहीं लिया। ऐसे में सरकार इन स्कूलों पर सख्त रवैया अपनाते हुए एक बार फिर से इन्हें कारण बताओ नोटिस भेजने जा रही है।
स्कूलों के प्रतिनिधियों से मिलेंगे उपमुख्यमंत्री सिसोदिया
जिन स्कूलों ने सरकार के आदेश को माना उन स्कूलों के प्रतिनिधियों से उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया मुलाकात करेंगे, जिससे कि सरकारी और निजी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की जा सके।
दिल्ली सरकार का मानना है कि वह निजी स्कूलों के साथ भी सहयोग की भावना के साथ काम करेगी। सरकार ने उन स्कूलों की सराहना की, जिन्होंने मनमाने ढंग से बढ़ाई गई फीस को वापस लिया, इससे बड़ी संख्या में माता-पिता को राहत मिली है।