सीसीएसयू की लचर कार्यप्रणाली के चलते एमएमएच डिग्री कॉलेज में बृहस्पतिवार को हंगामा हो गया। विश्वविद्यालय द्वारा एमएमएच कॉलेज में एलएलबी की 3500 छात्र-छात्राओं की नई कटऑफ जारी की गई।
जबकि कॉलेज की ओर से 61 खाली सीटों पर वरीयता के हिसाब से सूची चस्पा करने से बाकी छात्र आक्रोशित हो गये। मेरठ, मोदीनगर, मुरादनगर और हापुड़ से परिजनों केसाथ पहुंचे विद्यार्थियों ने कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा काटा।
जिसके बाद विभाग ने एक भी एडमीशन नहीं किया और विश्वविद्यालय को स्थिति से अवगत कराकर प्रक्रिया बंद कर दी। कॉलेज की जारी नई कटऑफ में 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
इससे पहले जनरल कैटेगरी की कटऑफ 60 फीसदी तक चली गई थी। नई कटऑफ में री-कंसीडर केछात्रों को शामिल किए जाने से कटऑफ में 10 फीसदी की उछाल आया। सामान्य श्रेणी की कटऑफ 70.30 प्रतिशत, ओबीसी की 66.44 प्रतिशत और एससी की 63.73 प्रतिशत रही।