छोटे कारोबारियों को डिजिटल बाजार से जोड़ रही दिल्ली सरकार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार छोटे और सूक्ष्म कारोबारियों को सशक्त बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण अभियान चला रही है। उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की पहल पर आयोजित कार्यशालाओं के माध्यम से कारोबारियों को डिजिटल बाजार से जोड़ा जा रहा है। सिरसा ने दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (डीएसआईआईडीसी) के कार्यों की समीक्षा करते हुए छोटे कारोबारियों को बड़े उद्योगों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
केंद्र सरकार की रैंप योजना के तहत 25 जून से 13 नवंबर के बीच 28 स्थानों पर 450 कार्यशालाएं आयोजित की गईं। इनमें 19,931 लोगों ने हिस्सा लिया, जिनमें 3,906 महिला उद्यमी थीं। प्रतिभागियों को वित्तीय प्रबंधन, आपूर्ति व्यवस्था और ऑनलाइन बिक्री का प्रशिक्षण दिया गया।
अभियान के तहत 600 उद्यमी ऑनलाइन मंचों से जुड़े। इनमें 244 ओएनडीसी, 17 जेम, 44 फ्लिपकार्ट और 10 अमेजन से जुड़े हैं। अन्य 285 उद्यमी मीशो, जियो मार्ट, इंस्टामार्ट और ब्लिंकिट पर कारोबार कर रहे हैं। प्रशिक्षण से कारोबारियों को लाभ भी मिला है। शहद विक्रेता प्रवीण गोला को बड़ा थोक ऑर्डर मिला, जबकि तराशा कौर और कामिनी पाठक ने अपने कारोबार को विस्तार देने की दिशा में कदम बढ़ाए।
कारोबारियों ने कर्ज, बैंक सहायता, बाजार तक पहुंच और लाइसेंस संबंधी समस्याएं भी उठाईं। सरकार ने कुल 824 कार्यशालाएं आयोजित करने का लक्ष्य रखा है। सिरसा ने जनवरी 2027 तक इन्हें पूरा करने के निर्देश दिए हैं।