शुक्रवार शाम करीब छह बजे पुलिस को स्कूल की दूसरी पाली में पढ़ने वाले कक्षा छह वह आठ के छात्रों के मिड डे मील खाने के बाद बीमार होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को स्कूल प्रशासन ने बताया कि छात्रों को पिछले पांच दिन से मिड डे मील के तहत सोया जूस भी दिया जा रहा था। शुक्रवार को छात्रों को पहले पूरी सब्जी परोसी गई थी। इसके बाद उन्हें जूस दिया गया। जूस पीने के बाद कई छात्रों ने उल्टी और पेट दर्द की शिकायत की।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्कूल में कक्षा छह व आठ के अलावा अन्य कक्षाओं के छात्रों को जूस नहीं दिया गया था। पुलिस ने काफी संख्या में एंबुलेंस को बुला लिया और बीमार छात्रों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया। डॉक्टर की टीमें छात्रों की उपचार में जुटी हुई हैं। फिलहाल सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं।
अभिभावक और परिचित स्कूल पर उमड़े
मामले की सूचना पर कुछ ही देर में अभिभावक और परिचित काफी संख्या में स्कूल पर पहुंच गए। परिवार वाले अपने बच्चों की सलामती के लिए दुआ करने लगे। बच्चों से मिलने के लिए बेताब दिखे। कुछ लोगों के बच्चे सामने दिख गए। परिवार वालों ने उनसे हालचाल पूछा। कुछ परिजन अपने बच्चों का हाल जानने के लिए इधर उधर भागते नजर आए। स्कूल प्रशासन के बताने पर परिजन अस्पताल की तरफ दौड़े। कुछ ही देर में अस्पताल परिसर में भी अभिभावकों का जमावड़ा लग गया। इससे अस्पताल की इमरजेंसी का काम प्रभावित होने लगा। मौके पर पुलिस टीम को तैनात करना पड़ा। पुलिस अधिकारियों के समझाने पर अभिभावक इमरजेंसी से बाहर आए।