विजयनगर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने शनिवार को फेसबुक पर दोस्ती कर विदेशी गिफ्ट देने के बहाने 100 लोगों से करीब 60 करोड़ की ठगी करने वाले चार नाईजीरियन और नागालैंड निवासी महिला को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के पास से 3.31 लाख रुपये की रकम बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी बिजनेस वीजा पर दिल्ली के मालवीय नगर में रह रहे थे और ठगी के धंधे में जुटे थे।
सीओ फर्स्ट मनीषा सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में जेनली जूल्स, अरनॉड जैगो, एलेक्स शिवोय और दाओ अलहसन निवासी नाईजेरिया हैं, जबकि इस गैंग में नागालैंड निवासी एक महिला नाओमी भी हैं, जिसे पुलिस ने दबोचा है।
नाओमी जेनली की गर्लफ्रेंड है। सीओ ने बताया कि आरोपियों ने 24 दिसंबर को क्रासिंग रिपब्लिक निवासी ज्योति धमिजा से फेसबुक पर दोस्ती कर उसकी बेटी को इटली से गिफ्ट भेजने के नाम पर करीब साढ़े 10 लाख रुपये की ठगी की थी। इसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की और उन्हें सर्विलांस के माध्यम से ट्रेस किया, जिसमें उनकी लोकेशन एबीईएस कालेज के पास मिली और पुलिस ने छापामारी कर पांचों को दबोच लिया।