अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी में संगठित अपराध पर नकेल कसते हुए बाहरी जिला पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 8 महिलाओं समेत कुल 58 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 24 घंटे में आबकारी और जुआ अधिनियम के तहत 47 मामले दर्ज किए गए।
पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चलाए गए अभियान के तहत गश्त और निगरानी बढ़ाई गई। जुआ गतिविधियों में शामिल 29 लोगों को पकड़कर 18 मामले दर्ज किए गए, जबकि 26,470 रुपये भी जब्त किए गए। वहीं चेकिंग के दौरान 2432 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की गई। दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत 29 मामले दर्ज कर 29 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 8 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस अब अवैध शराब के स्रोत और जुआ नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी है।