- रक्षाबंधन से पहले स्पीड पोस्ट में तेजी, 505 घरेलू और 70 अंतरराष्ट्रीय राखियां भेजीं
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। रक्षाबंधन से पहले दूर रह रहे भाई-बहनों तक राखी पहुंचाने के लिए डाक विभाग की स्पीड पोस्ट सेवा की मांग बढ़ गई है। नई दिल्ली जीपीओ में 12 से 17 अगस्त के बीच चार दिनों में 575 राखियों की बुकिंग हुई। इनमें 505 घरेलू और 70 अंतरराष्ट्रीय राखियां शामिल हैं। विभाग की ओर से राखी भेजने पर स्पीड पोस्ट के पोस्टेज शुल्क में 10 फीसदी छूट भी दी जा रही है।
नई दिल्ली जीपीओ की सहायक निदेशक (प्रशासन) अपर्णा सैंडिल्या ने बताया कि रक्षाबंधन को देखते हुए राखी की बुकिंग को लेकर लोगों में उत्साह है। 12 अगस्त को 103 घरेलू और 19 अंतरराष्ट्रीय, 13 अगस्त को 64 घरेलू और 26 अंतरराष्ट्रीय तथा 14 अगस्त को 74 घरेलू और 25 अंतरराष्ट्रीय राखियां बुक हुईं। वहीं, 17 अगस्त को अकेले 264 घरेलू राखियों की बुकिंग हुई।
17 अगस्त को बढ़ी बुकिंग-
14 अगस्त को 74 घरेलू राखियों की बुकिंग हुई थी, जो 17 अगस्त को बढ़कर 264 हो गई। विभाग के अनुसार 12 अगस्त से स्पीड पोस्ट के पोस्टेज शुल्क पर 10 फीसदी की छूट दी जा रही है। यह छूट खुदरा ग्राहकों के लिए है।
विदेश भी भेजीं राखियां-
नई दिल्ली जीपीओ से विदेशों में भी राखियां भेजी जा रही हैं। 12 से 14 अगस्त के बीच 70 अंतरराष्ट्रीय राखियों की बुकिंग हुई। डाक विभाग की स्पीड पोस्ट सेवा में ट्रैकिंग और एसएमएस अलर्ट की सुविधा भी उपलब्ध है। रक्षाबंधन नजदीक आने के साथ बुकिंग बढ़ने की उम्मीद है।