कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : Pixabay
राजधानी में लगातार दूसरे दिन कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 1000 पार कर गया। बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 1106 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई, जो एक दिन में अब तक का सर्वाधिक है। इससे पहले बृहस्पतिवार को 1024 मरीज पॉजिटिव पाए गए थे।
ताजा आंकड़ों का मिलाकर राजधानी में कुल मरीजों की संख्या 17386 पहुंच गई है। इसके साथ ही 82 कोरोना मरीजों की मौत दर्ज की गई है। हालांकि बीते 24 घंटों के अंदर 13 मरीजों की मौत हुई। शेष 69 मौतें पहले हुईं हैं, लेकिन हेल्थ बुलेटिन में अब शामिल किया है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 69 मौतों का आंकड़ा पुराना है। ये पिछले 34 दिनों में हुई हैं। इनमें से 52 मामले सफदरजंग अस्पताल के थे, जिनकी अब पुष्टि हुई है। इन्हें मिलाकर कुल मौतों का आंकड़ा 398 पहुंचा गया है। मृतकों की सूची में वही लोग शामिल हैं, जिनकी मौत प्राथमिक तौर पर कोरोना वायरस की वजह से हुई है। यह संख्या मृत्यु लेखा-जोखा समिति द्वारा विभिन्न अस्पतालों से लिए गए आंकड़ों के आधार पर है।
7846 संक्रमित हुए ठीक
दिल्ली में दो दिन से 1000 से ज्यादा कोरोना रोगी मिले हैं। हालांकि, सरकार का कहना है कि इसमें चिंता की कोई बात नहीं है। आधे से ज्यादा लोग ठीक हो रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का कहना है कि अब तक 7846 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं। कई लोग होम आइसोलेशन में रहकर ठीक हो रहे हैं।
हर सप्ताह बढ़ते जा रहे मरीज
दिल्ली में हर सप्ताह संक्रमण के केस बढ़ते जा रहे हैं। 16 मई से 22 मई तक 3,540 मामले आए थे, जो इस सप्ताह बढ़कर 5,068 हो गए हैं। अब रोजाना औसतन 724 लोग संक्रमति मिल रहे हैं। वहीं,महाराष्ट्र और तमिलानाडु के बाद सबसे अधिक संक्रमितों के मामले में राजधानी तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
एक सप्ताह में आए मामले
दिन मामले
23 मई- 591
24 मई- 508
25 मई- 635
26 मई- 412
27 मई- 792
28 मई- 1024
29 मई- 1106