दिल्ली के अस्पतालों में स्वास्थ्य कर्मचारियों के संक्रमित मिलने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को भी सफदरजंग, बाबू जगजीवन राम, डीडीयू और आंबेडकर अस्पताल में 50 स्वास्थ्यकर्मियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब तक 300 से अधिक स्वास्थ्यकर्मी कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं, जबकि 400 से अधिक क्वारंटीन किए गए हैं। वहीं, बाबू जगजीवन और आंबेडकर अस्पताल को सील कर सैनिटाइजेशन का काम शुरू कर दिया गया है।
सफदरजंग के वार्ड 11 में अब तक मेडिसिन विभाग के पांच डॉक्टर संक्रमित मिल चुके हैं। इनके अलावा प्रसूति रोग विभाग में कार्यरत दो महिला डॉक्टर भी पॉजिटिव मिली थीं। इससे पहले कोविड वार्ड में तैनात पल्मोनरी विभाग का एक डॉक्टर, बायो कैमिस्ट्री विभाग की एक महिला डॉक्टर भी संक्रमित मिल चुकी हैं। एक नर्स व एक सफाई कर्मचारी भी अस्पताल में भर्ती है। अभी और भी स्वास्थ्य कर्मचारियों की रिपोर्ट आना बाकी है।
वहीं, मंगलवार रात त्वचारोग विभाग में कार्यरत डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉक्टर के संपर्क में आए परिजन और अन्य लोगों की जांच चल रही है। यहां कुल स्वास्थ्य कर्मचारियों के संक्रमित होने की संख्या 13 हो चुकी है।
उधर, बाबू जगजीवन राम अस्पताल में 24 और स्वास्थ्य कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। कुल संख्या अब 80 हो गई है। इनमें 25 से ज्यादा डॉक्टर शामिल हैं। इससे पहले तक यहां संक्रमित स्वास्थ्य कर्मचारियों की संख्या 59 थी। यहां पिछले एक सप्ताह में स्वास्थ्य कर्मचारी संक्रमित हुए हैं।