दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2017-18 के लिए सोमवार को शुरू हुई ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया का फॉर्म थोड़ा अलग है। हालांकि, दाखिला नियमों में तो खास बदलाव नहीं है, लेकिन ऑनलाइन फॉर्म, ईसीए-स्पोर्ट्स व रिजल्ट से पहले आवेदन कैसे करें जैसे सवाल परेशान करने वाले हैं।
इन्हीं को सुलझाने के लिए ओपन डेज सत्र के दूसरे दिन भी छात्रों व अभिभावकों की भीड़ उमड़ी। नॉर्थ कैंपस स्थित कॉंफ्रेंस सेंटर में ओपन डेज के दूसरे दिन दो सत्र हुए। इस मौके पर दाखिला समिति के कंवीनर डॉ. मनोज खन्ना व डिप्टी डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. गुरप्रीत सिंह टुटेजा ने आवेदकों के जवाब दिए। इस दौरान छात्रों को बार-बार हिदायत दी गई कि उन्हें ईसीए व स्पोर्ट्स के लिए भी इसी फॉर्म से ऑनलाइन आवेदन करना है।
-यदि 12वीं का रिजल्ट नहीं आया, तो ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फॉर्म कैसे जमा होगा?
आवेदक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन जमा करा सकते हैं। बस उन्हें एकेडमिक डिटेल्स के तहत रिजल्ट स्टेट्स में अवेटेड (रिजल्ट का इंतजार) का विकल्प भरना होगा।
-ईसीए व स्पोर्ट्स कोटा के लिए किस तरह से आवेदन करना है, क्या इनके लिए अलग फीस है?
डीयू के ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में ईसीए व स्पोर्ट्स के लिए भी विकल्प दिया गया है। यदि आप ईसीए व स्पोर्ट्स में से किसी एक का विकल्प चुनते हैं, तो आवेदक को 100 रुपये का भुगतान करना होगा। यदि दोनों का चुनाव करते हैं, तो 200 रुपये चुकाने होंगे।
- क्या गैप ईयर वाले छात्रों को आवेदन करने में कोई नुकसान उठाना पड़ेगा?
गैप ईयर के विद्यार्थियों को आवेदन करने में कोई नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा। बस उनके पास गैप ईयर को लेकर सभी जरूरी दस्तावेज होना अनिवार्य है।
-साइंस, ह्यूमेनिटीज और कॉमर्स में कोर्सेज का चुनाव कैसे करना है?
डीयू में साइंस कोर्सेज के लिए बेस्ट थ्री फिजिक्स केमिस्ट्री व मैथ (पीसीएम) व पीसीबी (फिजिक्स, केमिस्ट्री व बॉयोलॉजी के फॉर्मूले से तो ह्यूमेनिटीज व कॉमर्स में बेस्ट फोर के फॉर्मूले से दाखिले होते हैं।
-12वीं में गणित विषय नहीं था, क्या ईको ऑनर्स व बीकॉम ऑनर्स में दाखिला लिया जा सकता है?
ईको ऑनर्स व बीकॉम ऑनर्स के लिए 12वीं में गणित होना अनिवार्य है। बिना गणित के इन दोनों कोर्सेज को दाखिले के लिए नहीं चुना जा सकता।