एक निजी चैनल पर दिखाए गए स्टिंग ऑपरेशन के बाद दक्षिण-पूर्व जिले के एसआई समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
इनमें अमर कॉलोनी थाने में तैनात 2010 बैच का सबइंस्पेक्टर रंगलाल मीणा व सिपाही अनिल यादव और दक्षिण-पूर्व जिले की शिकायत सेल में तैनात सिपाही राजवीर, एटीएस में तैनात हवलदार राजवीर आदि शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विवेक गोगिया ने इन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। स्टिंग ऑपरेशन देखने के बाद विवेक गोगिया ने मंगलवार को जिले के सभी थानाध्यक्षों, एसीपी और डीसीपी को ग्रेटर कैलाश थाने में बुलाया था।
पढ़ें: 20 साल बाद रेगुलर हुए एम्प्लॉई
उन्होंने जिले के पुलिस अधिकारियों को जमकर लताड़ लगाई है। गौरतलब है कि दक्षिण-पूर्व जिले के ही कई पुलिसकर्मी पिछले माह एक निजी चैनल के स्टिंग में पैसे लेते दिखाए गए थे।
इसमें पुलिसकर्मी देहव्यापार चलाने के लिए पैसे की मांग कर रहे थे। स्टिंग में पुलिसकर्मी ये भी कह रहे हैं कि देहव्यापार चलाने के लिए वे सीनियर पुलिस अधिकारियों से बात भी करा देंगे।