नॉर्थ रोहिणी के बी ब्लाक में चोरों ने अग्रवाल ज्वैलर्स के शोरूम की छत काटकर करीब पांच करोड़ रुपये कीमत के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद से शोरूम के दो कर्मचारी भी फरार हैं। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मालिक अनुज गर्ग की शिकायत पर पुलिस चोरी का मामला दर्ज कर फरार कर्मचारियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि अग्रवाल ज्वैलर्स के शोरूम में चोरी हो गई है। छानबीन के दौरान पुलिस ने पाया कि बदमाश शोरूम की छत काटकर अंदर घुसे थे। मालिक अनुज गर्ग ने बताया कि चोर शोरूम से 40 किलो चांदी, 30 किलोग्राम हीरे, आठ किलो सोने के गहने के साथ आठ लाख रुपये नकद ले गए हैं। इनकी कीमत करीब पांच करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में लेकर जांच की तो पता चला कि वारदात में शोरूम के दो कर्मचारी शामिल हैं। इनमें नेपाल का रहने वाला ज्वेलर का एक नौकर भी है।
पुलिस के मुताबिक, चार मंजिला इमारत के भूतल पर शोरूम है, जबकि कर्मचारी ऊपर के कमरे में रहते हैं। शोरूम के ऊपर वाले कमरे की छत को चोरों ने काट दिया और भीतर घुस गए। महज 15 मिनट में चोर सारे सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। पुलिस को आशंका है कि चोरों ने छत काटने के लिए हल्की मशीन का इस्तेमाल किया, ताकि ज्यादा आवाज न हो। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक टीम को नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में छापेमारी के लिए भेजा गया है।