सफदरजंग एंक्लेव थाना इलाके में स्ट्रीट डॉग पर दयालुता दिखाना एक शख्स को भारी पड़ गया। घायल स्ट्रीट डॉग का इलाज कराने के लिए एक शख्स ने गूगल पर एंबुलेंस का नंबर ढूंढा। गूगल से मिले नंबर पर उसने फोन किया तो खर्चा पांच रुपये बताया। एक लिंक पर पांच रुपये पे करने को कहा। शख्स ने ऐसा ही किया। जैसे ही उसने पांच रुपये पे किए उसके कुछ देर बाद उसके बैंक खाते से 40 हजार रुपये निकलने के मैसेज मिले। शख्स की शिकायत पर सफदरजंग एंक्लेव थाना पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार अर्जुन नगर सफदरजंग एंक्लेव में रहने वाले आशीष शर्मा ने इलाके में एक स्ट्रीट डॉग को जख्मी हालत में देखा। आशीष ने एंबुलेंस के लिए गूगल पर नंबर सर्च किया। गूगल से एक नंबर मिला। आशीष शर्मा ने उस नंबर पर बात की। फोन उठाने वाले ने एंबुलेंस भेजने का खर्चा पांच रुपये बताया। आशीष से एक फार्म भी भरवाया और पांच रुपये पे करने को कहा।
आशीष ने जैसे ही लिंक को खोला और उस पर पांच रुपये पे कर दिए। कुछ ही देर में आशीष के बैंक खाते से 40 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। आशीष इसकी शिकायत करने सफदरजंग थाने पहुंचा और आरोपी की थाने के ड्यूटी अफसर से बात कराई। बताया जा रहा है कि आरोपी ने ड्यूटी अफसर के साथ भी गाली-गलौच की। इसी तरह तिलक मार्ग थाने में रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी के साथ ठगी का मामला सामने आया है।